ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: सिरसा केे दर्जनों युवाओं ने पशुु-पक्षी कल्याण समाज संस्था बनाकर अनोखा कार्य शुरू किया है। ये युवा प्रतिदिन बाजारों में आन जाने वाले लोगों से चंदा एकत्रित करते हैं। इस राशि से वे शहर में बीमार पशु पक्षियों को रेस्क्यू कर अस्पताल तक ले जाते हैं और उनका इलाज करते हैं। इसी के साथ यह संस्था शहर में पशु पक्षियों के लिए पेयजल की व्यवस्था या उनके लिए और किसी भी तरह की व्यवस्था की बात हो इस राशि से करते हैं।
युवाओं ने सिरसा के सुभाष चौक पर लोगों से पशु-पक्षियों के लिए चंदा देने का आह्वान किया। सुबह से ही युवा सुभाष चौक पर लाइन में खड़े हो गए और आने जाने वालों से बीमार पशु पक्षियों के इलाज के लिए मदद की गुहार की। इन युवाओं ने न्यू हाउसिंग बोर्ड में एक अस्पताल की व्यवस्था भी की हुई है। अब यह युवा हिसार रोड पर नया अस्पताल बनाने जा रहे हैं। इसी को लेकर शहर से चंदा एकत्रित किया जा रहा है। इस अस्पताल में बीमार पशु पक्षियों का इलाज किया जाएगा। इसके लिए बकायदा एक सरकारी निजी चिकित्सक की व्यवस्था भी अस्पताल में की गई है। पशु व पक्षियों के लिए अलग-अलग चिकित्सक इलाज में सहयोग करते हैं। पशुु-पक्षी कल्याण समाज संस्था के सदस्य पशु पक्षियों के इलाज के साथ-साथ उनके लिए गर्मियों में पानी की व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाएं भी शहर में लोगों से घरों में करने की अपील भी करते हैं। यही नहीं लोगों को घरों की छतों पर रखने के लिए मिट्टी के बर्तन भी संस्था द्वारा निशुल्क उपलब्ध करवाए जाते हैं।
संस्था के प्रधान का कहना है कि जिस तरह मनुष्य को स्वस्थ रहने का अधिकार है वैसे ही पशु पक्षियों को भी अधिकार है। उन्होंने कहा कि, कुछ लोग पशु पक्षियों पर अत्याचार करते हैं। जिसकी वह निंदा करते हैं। इसको लेकर भी लोगों को समय-समय पर जागरूक भी करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर आपके आस पड़ोस में कोई भी बीमार पशु या पक्षी मिलता है तो इसके बारे में भी संस्था के सदस्यों को सूचित कर सकते हैं। संस्था सदस्य मौके पर पहुंचकर बीमार पशु या पक्षी को अपने साथ लेकर जाएंगे और अस्पताल में उनका इलाज किया जाएगा।


