ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: नगरपालिका नूंह में बीती रात अज्ञात कारणों से लगी आग की वजह से रिकॉर्ड रूम में रखी जरूरी फाइलें जलकर राख हो गई। आग किन कारणों से लगी या फिर लगाई गई, इसका तो जांच के बाद ही कुछ खुलासा हो पाएगा। लेकिन गुटों में बंटे नूंह के पार्षद नपा चेयरपर्सन सीमा सिंगला गुट पर आग लगाने का आरोप लगा रहे हैं।
मामले में जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए प्रदीप कुमार एसडीएम नूंह तथा रीगन कुमार एसडीएम फिरोजपुर झिरका को नगर पालिका कार्यालय नूंह में निरीक्षण के लिए भेजा। दोनों अधिकारियों ने नगर पालिका कार्यालय नूंह के खुलने पर कुछ दिन के लिए रोक लगा दी है। दमकल विभाग का कार्यालय इसी परिसर में है, लेकिन भवन अलग जरूर है। दमकल कर्मियों ने धुआं रात्रि में देखा तो, उन्होंने आग बुझानी शुरू की। लेकिन जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक रिकॉर्ड जलकर राख हो चुका था
दो गुटों में आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी
बता दें, नगरपालिका नूह में पिछले कई सालों से लगातार पार्षदों के दो गुट एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहते हैं। नाराज पार्षदों ने नपा चेयरपर्सन सीमा सिंगला व नगर पालिका स्टाफ पर विकास कार्यों में धांधली सहित कई प्रकार के गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत जिला प्रशासन से लेकर चंडीगढ़ में बैठे आला अधिकारियों तक से की। लेकिन नपा चेयरपर्सन सीमा सिंगला के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होने के चलते शिकायकर्ता पार्षद नाराज ही दिखाई दिए। कई वर्षों से चले आ रहे इस विवाद के कारण यह नगर पालिका लगातार चर्चा में बनी रही है। इस विवाद की वजह से शहर का विकास इतनी तेज गति से नहीं हो पाया, जितना तेज गति से होना चाहिए था। नगरपालिका नूंह में लगातार चल रही गुटबाजी व शिकायतों से जिला प्रशासन के अधिकारी भी खासे परेशान थे।
आग ने मामले में लाया नया मोड़
अब बीती रात लगी इस आग ने मामले में नया मोड़ लााया है। अब देखना यह है कि, जांच में आग के कारणों का क्या खुलासा होता है और जिला प्रशासन किस तरह की कार्रवाई भविष्य में करता है , लेकिन फिलहाल नगरपालिका कार्यालय में लगी आग चर्चा का विषय बनी हुई है। सीमा सिंगला चेयरपर्सन नूह से जब पत्रकारों ने बातचीत की तो उन्होंने बताया कि सुबह कर्मचारी ने आग लगने की सूचना उन्हें दी। मामला डीसी नूंह से लेकर पुलिस विभाग के संज्ञान में है। आग कितने बजे और किन कारणों से लगी इसकी जांच कराई जाएगी। सचिव नगरपालिका भी आग लगने के कारणों को लेकर चुप हैं।



