ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: सरकार शिक्षा व्यवस्था के नाम पर अपनी पीठ थपथपाती रहती है। लेकिन सीएम सिटी करनाल के स्कूल में जो नजारा देखने को मिला है, उससे आपके होश उड़ जाएंगे। दरअसल, प्रेम नगर सरकारी स्कूल में बच्चे अंधेरे में पढ़ने को मजबूर हैं। कारण बिजली का बिल नहीं भरने के कारण यहां का बिजली कनेक्शन निगम ने काटा हुआ है।
स्कूल में बिजली न होने के कारण कंप्यूटर लैब भी बंद है, तो वहीं स्कूल के अन्य कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। गर्मियों में तो बच्चों को बाहर बैठाकर पढ़ा लिया जाता था, लेकिन अब बढ़ती ठंड के कारण बच्चों को अध्यापक बाहर नहीं बैठा सकते। वहीं, क्लास रूम में बिजली न होने के कारण अंधेरा रहता है। बच्चों को न अपनी किताबों में कुछ दिखाई देता है तो वहीं न ही अध्यापक द्वारा ब्लैक बोर्ड पर लिखा हुआ। ऐसे में करीब 550 बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस ओर न जिला प्रशासन का ध्यान है और न ही शिक्षा विभाग का।

