ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है, उन्हें ताऊ देवीलाल के जन्मदिवस के मौके पर 2 हफ्ते की पैरोल दे दी गई है। 25 सितंबर को इनेलो की कैथल में होने जा रही रैली में अब ओपी चौटाला भी शिरकत करने पहुंचेंगे।
दरअसल, पत्नी स्नेहलता के निधन पर ओपी चौटाला को मिली पैरोल 24 सितंबर को खत्म होने वाली थी, लेकिन उन्होंने फिर से धार्मिक कार्य के लिए पैरोल की अर्जी लगाई थी, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया है। अब उन्हें 8 अक्टूबर तक राहत मिल गई है।
आपको बता दें कि कैथल में होने वाली इनेलो की रैली ताऊ देवीलाल के जयंती समारोह के तौर पर मनाई जाएगी, जिसमें दूसरे राज्यों के कई सीनियर नेताओं को भी न्यौता दिया गया है। इनमें कई वर्तमान और पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व प्रधानमंत्री भी शामिल हैं।
इनेलो ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश यादव, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव व अखिलेश यादव, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के अलावा चंद्रबाबू नायडू को न्योता भेजा है। पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल को भी निमंत्रण दिया है। अभय चौटाला ने कहा कि बादल का स्वास्थ्य कुछ कमजोर है, लेकिन वे पहले के कार्यक्रमों में आते रहे हैं।



