ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: पलवल में बिजली बोर्ड की विजिलेंस टीम ने एक ठेकेदार को दस हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी पीड़ित से हाईटेंशन लाइन को हटाने की एवज में 57 हजार रुपये रिश्वत पहले ही ले चुका था और अब दस हजार रुपये की मांग कर रहा था।
बिजली बोर्ड विजिलेंस के जीएसपी विजयपाल ने बताया कि गांव कटेसरा निवासी विजय कुमार ने उन्हें शिकायत दी थी कि उसकी जमीन के ऊपर से बिजली की 11 हजार वोल्टेज की हाईटेंशन लाइन जा रही है, जिसे वो हटवाना चाहता है। पीड़ित ने इस बात को लेकर ठेकेदार कृष्ण को बताया, जिसके बाद ठेकेदार ने 50 हजार की मांग की और पैसे देने के बाद भी तार नहीं हटाई गई।
पीड़ित ने बताया कि जब उसने ठेकेदार कृष्ण से लाइन को हटवाने को कहा, तो उसने कहा कि दस हजार रुपये और देने पड़ेगे, जो कि एसडीओ व जेई उच्चाधिकारियों को देने है। ठेकेदार कृष्ण द्वारा बार-बार की जा रही रुपये की मांग से परेशान होकर पीडि़त ने इसकी सूचना बिजली बोर्ड विजिलेंस को दी।
इसके बाद परेशान पीड़ित ने विजिलेंस को शिकायत दी और टीम ने कार्रवाई करते हुए रंगे हाथों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी ठेकादार के खिलाफ मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया, जहां से पुलिस ने आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया हुआ है।



