ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज:18 अगस्त को रोहतक में होने जा रही हुड्डा की रैली के लिए पूर्व सांसद और उनके बेटे दीपेंद्र हुड्डा दिन-रात मेहनत करने में जुट गए हैं। इसी के चलते दीपेंद्र सोनीपत की दहिया वाटिका में विधायक जयवीर बाल्मिकी के आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करने पहुंचे और सभी साथियों को रैली के लिए आमंत्रित किया।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि आगामी 18 अगस्त की परिवर्तन महारैली ऐतिहासिक होगी और प्रदेश की राजनीति के लिहाज से निर्णायक साबित होगी। उन्होंने सभी साथियों को महारैली का न्यौता दिया और जरूरी दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने फिर दोहराया कि ‘खट्टर सरकार धोखा है, हरियाणा बचा लो एक मौका है।‘
दीपेन्द्र हुड्डा ने आगे कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव हरियाणा के भविष्य का चुनाव है, प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार के कार्यकाल का हिसाब मांगने का चुनाव है। अब आपको फैसला लेना होगा कि हरियाणा में जिस तरह के पिछले 5 साल देखे, क्या अगले 5 साल वैसे ही देखना चाहते हैं या हरियाणा को दूसरी दिशा में अच्छे भविष्य की तरफ, विकास और भाईचारे की तरफ ले जाना चाहते हैं।
उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार को पूरी तरह से विफल करार देते हुए कहा कि हरियाणा के भाजपा राज में घोटालों की लाईन लग गई है। प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार धांधली, वसूली, रिश्वतखोरी, फर्जीवाड़े, पेपर लीक, घपले-घोटाले, अपराधियों को संरक्षण का पर्याय बन गयी है। इसके अलावा दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी और बेकाबू होते आर्थिक हालात चिंता का विषय हैं। हरियाणा प्रदेश बेरोजगारी के मामले में पूरे देश में केरल के बाद दूसरे नंबर पर पहुंच गया है।



