ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: चरखी दादरी की ढाणी फोगाट गांव में पिछले एक महीने से किसान धरने पर बैठे हुए हैं। सरकार की तरफ से अधिग्रहित की गई किसानों की जमीन का मुआवजा नहीं मिलने से किसान धरने पर हैं। इसी धरने में बीते शनिवार को एक किसान की मौत हो गई, जिसके बाद धरने पर बैठे सभी किसान आक्रोशित हो उठे हैं।

दरअसल किसानों की मांग है कि सरकार ने नेशनल हाईवे 152डी के लिए जो उनकी जमीनें अधिग्रहित की हैं, उसका वाजिब मुआवजा जल्द से जल्द उन्हें दिया जाए। अभी तक जमीन का मुआवजा नहीं मिलने और धरने के दौरान किसान की मौत से गुस्साए किसानों ने अब सरकार को सीधे चेतावनी दे दी है।
उनका कहना है कि मृतक किसान का तब तक संस्कार नहीं किया जाएगा, जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं कर लिया जाता। किसानों ने मृतक किसान रामअवतार के परिवार में किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता के लिए राशि उपलब्ध करवाने की भी मांग की है।

