ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: फतेहाबाद पुलिस ने रिश्तेदारों संग मिलकर चलाए जा रहे अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस को यह कामयाबी फतेहाबाद के गांव एमपी रोही से चोरी हुए ट्रैक्टर ट्रॉली के केस में मिली। दरअसल, गांव एमपी रोही से चोरी हुए ट्रैक्टर ट्रॉली के केस में पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को राजस्थान के हनुमानगढ़ से बरामद किया। जांच अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि राजस्थान से पकड़े गए 2 आरोपियों ने बताया कि गांव एमपी रोही में उनका रिश्तेदार रहता है, जिसने ट्रैक्टर चोरी करके राजस्थान भेजा और यहां उसे बेचने की तैयारी चल रही थी।
पुलिस ने एमपी रोही से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया और पूछताछ में पता चला कि ट्रैक्टर ट्रॉली चोरी केस का मुख्य आरोपी एमपी रोही का ही रहने वाला शख्स था। जांच अधिकारी का कहना है कि पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और इनके साथ गिरोह में शामिल चौथे आरोपी की तलाश की जा रही है।

