ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: जम्मू-कश्मीर के शोपियां में शुक्रवार देर रात किलोरा गांव में मुठभेड़ में हिजबुल मुजाहिदीन का आतंकी उमर नजीर मलिक उर्फ उमर मलिक मारा गया। मलिकगुंड गांव निवासी यह आतंकी अगस्त 2017 से सक्रिय था।
हिंसा की आशंका में जिले में मोबाइल इंटरनेट सेवा ठप कर दी गई है। इस एनकाउंटर के बाद घाटी में शुक्रवार को दो अलग-अलग मुठभेड़ों में 5 आतंकी मारे गए। इनमें दो लश्कर व एक हिजबुल का आतंकी था।
मुठभेड़ में एक जवान भी शहीद हुआ है जबकि दो घायल हए हैं। मारे गए आतंकियों से हथियार और गोला बारूद बरामद किए गए हैं। उत्तरी कश्मीर में बारामुला जिले के सोपोर के दुर्सू गांव में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सेना की 22 राष्ट्रीय राइफल्स, एसओजी तथा सीआरपीएफ के जवानों ने वीरवार को देर रात घेराबंदी की।
अंधेरा होने के चलते जनरेटर और फ्लड लाइट्स का इस्तेमाल किया गया। घेरा सख्त होता देख रात करीब साढ़े 12 बजे एक घर में छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ शुरू हो गई। मकान में छिपे दो आतंकियों ने अंधेरे में भागने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए।




