ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत की ओर से हरियाणा के सीएम मनोहर लाल पर किए गए जुबानी हमले के बाद अब इसे लेकर राजनीति शुरू हो गई है। एक ओर जहां हरियाणा के जनस्वास्थ्य मंत्री बनवारी लाल ने इस मामले में राव इंद्रजीत सिंह का पक्ष लेते हुए उन्हें एक बड़ा नेता बताया था। वहीं, अब केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए खुद को राजनेता कहने वाले हर व्यक्ति को हरियाणा में भाईचारा बनाने की कोशिश करने की नसीहत दी है।
https://www.youtube.com/watch?v=_T3LHhLolGU
झज्जर में एक रैली के दौरान केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत ने हरियाणा के सीएम मनोहर लाल पर निशाना साधते हुए कहा था कि अब सूबे में वो मुख्यमंत्री नहीं चाहिए, जो सीएम बनने के बाद नेता बने, बल्कि अब वो मुख्यमंत्री चाहिए जो पहले नेता हो और फिर मुख्यमंत्री बने। राव इंद्रजीत ने मनोहर लाल के सीएम बनने के बाद हरियाणा को जातिवाद में बंटने का भी आरोप लगाया था।
राव इंद्रजीत के इस बयान के बाद मनोहर सरकार के मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने उनका बचाव किया है। डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि राव इंद्रजीत एक बड़े नेता है। उन्होंने जो देखकर महसूस किया होगा. उसे ही बयां किया होगा। इसलिए वो पार्टी के सामने अपनी हर बात रख सकते है। उन्होंने राव इंद्रजीत की अलग पार्टी बनाए जाने की चर्चा को केवल लोगों के दिमाग की उपज बताया।
राव इंद्रजीत के इस बयान के बाद अब केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने अब राव इंद्रजीत सिंह को नसीहत दी है। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि जो व्यक्ति खुद को राजनेता कहता है, उसे हरियाणा में भाईचारा कायम रखने की कोशिश करनी चाहिए, क्योंकि ये उसका फर्ज है।
राव इंद्रजीत के बयान के बाद एक तरह से बीजेपी में या फिर ये कहें की बीजेपी के हरियाणा के नेताओं के बीच अब जुबानी जंग तेज हो गई है। राव इंद्रजीत के बाद अब केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने उन्हें बयानबाजी की बजाए हरियाणा में बंट रहे भाईचारे को एकजुट करने की नसीहत देकर ये साफ कर दिया है कि हरियाणा बीजेपी का हर नेता उनके साथ नहीं है। खैर देखना होगा कि सीएम पर की गई टिप्पणी पर सीएम की ओर से कोई प्रतिक्रिया आती है या नहीं ?



