ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: देश की मनोहर सरकार लोगों को सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का सीधा फायदा लोगों तक पहुंचाने का कितना ही दम भरती हो, लेकिन इन दावों की हकीकत कुछ और ही है। सरकार योजनाएं तो लोगों के फायदे के लिए चला रही है, लेकिन कईं विभागों के अधिकारी सरकार की योजनाओं पर पलीता लगा रहे हैं। इसका एक नजारा सोमवार को बहादुरगढ़ में देखने को मिला। पिछले 4 महीनों से बुढ़ापा पेंशन न मिलने से नाराज होकर बुजुर्गों ने बहादुरगढ़-झज्जर रोड को जाम कर दिया। बाद में बीडीपीओ ने लोगों को उनकी समस्या हल कराने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
बहादुरगढ़ के लोवा खुर्द गांव के बुजुर्गों को पिछले 4 महीने से बुढ़ापा पेंशन नहीं मिली। पेंशन न मिलने नाराज बुजुर्गों ने सोमवार को बहादुरगढ़-झज्जर रोड पर जाम लगा दिया। जाम लगा रहे गांव के बुजुर्ग पूर्ण सिंह और सतबीर सिंह ने बताया कि गांव के डाकखाने में उन्हें पेंशन दी जाती है। डाकखाने में भीड़ होने के कारण और स्टाफ कम होने के कारण बुजुर्गों को पेंशन नहीं मिल पाती। इसलिए गांव के बुजुर्गों ने बैंक में खाता खुलवाने के लिए भी आवेदन कर रखा है, लेकिन बैंक कर्मचारी अपनी मनमर्जी कर रहे है, जिस कारण अभी तक किसी भी बुजुर्ग का खाता नहीं खोला गया है। इसी के चलते पिछले 4 महीने से बुजुर्ग इधर से उधर धक्के खा रहे है। इससे परेशान होकर अब उन्हें जाम लगाना पड़ा।
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और बुजुर्गों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। बीडीपीओ रामफल ने बुजुर्गों को आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी के बैंक में खाते खुलवा दिए जाएंगे। इसके साथ ही बुजुर्गों की रुकी हुई पेंशन देने के लिए बी डाकखाना प्रबंधक को कहा जाएगा। सरकार आमतौर पर वोट हासिल करने के लिए जनता के लिए कई प्रकार की घोषणाएं कर देती है, लेकिन उसको अमलीजामा पहनाने में काफी समय लग जाता है। यहीं कारण है कि आज सरकार की ओर से दी जाने वाली बुढापा पेंशन लेने के लिए बुजुर्गों को तपती धूप में सड़क पर बैठना पड़ रहा है। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का फायदा लेने के लिए किस तरह लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


