ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: मोदी सरकार के अंतिम साल के दौरान शायद लोगों को अच्छे दिन आने की उम्मीद थी, लेकिन पहले पेट्रोल-डीजल के दामों में हुई बढ़ोतरी के बाद अब गैस सिलेंडर के दाम भी बढ़ने लगे है। जानकारी अनुसार तेल कंपनियों ने सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर के दाम में 2.71 रुपये और बिना सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर के दाम में 55.50 रुपये बढ़ा दिया गया है।
गैस सिलेंडरों की कीमतों में वृद्धि करने का कारण इंटरनेशनल दरों में एलपीजी की तेजी और रुपये में आ रही गिरावट को बताया जा रहा है। इंडिया आयल कॉरपोरेशन की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि रविवार की मध्य रात्रि से ही दिल्ली में सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 493.55 रुपये हो जाएगी। वहीं इस बढोतरी पर कंपनी का कहना है कि दोनों सिलेंडर की बढ़ोतरी में हुए अंतर को 2.71 रुपये से कम कर बचे हुए 52.79 रुपये ग्राहकों को उनके खाते में दिए जाएंगे।
गौरतलब है कि गैस उपभोक्ताओं को एक साल में 14.2 किलो के 12 सिलेंडर सब्सिडी के रूप में मिलते है। 12 सिलेंडरों के बाद उन्हें बाजार कीमत पर ही सिलेंडर मिलता है। पर इसमें कहा जा सकता है कि चुनावी समय में आम जनता से जुड़ी वस्तुओं के दाम बढ़ना कही ना कही आने वाले चुनाव में सरकार के लिए काफी भारी पड़ सकता है।


