भिवानी, 21 नवंबर
हरियाणा में मातृ मृत्यु दर को कम करने और गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए 16 नवंबर से 15 दिसंबर तक मातृत्व सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। भिवानी जिले में इस अभियान के तहत करीब 10 हजार गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिला अस्पताल के अलावा जिले के अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष चेकअप कैंप लगाए जा रहे हैं।
रोज 7-8 जगह लग रहे जांच शिविर
अभियान में खासतौर पर हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं, एनीमिया से पीड़ित महिलाओं और पहले सिजेरियन डिलीवरी करवा चुकी महिलाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।दरअसल, गर्भावस्था और डिलीवरी के दौरान होने वाली ऐसी जटिलताओं को समय रहते पहचानना और उनका उपचार करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है, जिनकी वजह से मातृ मृत्यु का खतरा रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए भिवानी स्वास्थ्य विभाग ने एक महीने का माइक्रो प्लान तैयार किया है। इसके तहत प्रतिदिन जिले में सात से आठ स्थानों पर गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जा रहे हैं।
एनीमिया पीड़ित महिलाओं को मिलेगा विशेष उपचार
जिला नागरिक अस्पताल में भी नियमित रूप से जांच की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं का रजिस्ट्रेशन, स्वास्थ्य परीक्षण, ब्लड प्रेशर, हाइट और वजन की जांच के साथ एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी और हेपेटाइटिस-सी के टेस्ट भी किए जा रहे हैं। महिलाओं को गुड़ और चने सहित पौष्टिक आहार भी उपलब्ध करवाया जा रहा है। विशेषज्ञ महिला डॉक्टरों द्वारा उनकी जांच की जा रही है। जिन महिलाओं का हीमोग्लोबिन 11 ग्राम से कम पाया जाता है, उन्हें आयरन सुक्रोज दिया जाएगा, जबकि हीमोग्लोबिन 7 ग्राम से कम होने पर उन्हें आगे के उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया जाएगा।
जिला-ब्लॉक स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त
स्वास्थ्य विभाग का विशेष फोकस हाई रिस्क प्रेग्नेंट महिलाओं पर है। इनमें खून की कमी से पीड़ित महिलाएं, पहले सिजेरियन डिलीवरी हो चुकी महिलाएं और बार-बार गर्भधारण करने वाली महिलाएं शामिल हैं। ऐसी सभी महिलाओं की डिलीवरी कहां होगी, कौन सा डॉक्टर उपचार करेगा और जरूरत पड़ने पर कौन सी एंबुलेंस उपलब्ध होगी, इसकी पहले से योजना तैयार की जा रही है। इसके लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर अलग-अलग नोडल अधिकारी और समन्वयक नियुक्त किए गए हैं।
112 पर कॉल करते ही मिलेगी मदद
आपात स्थिति में गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। 112 नंबर पर कॉल करने पर सूचना सीधे कंट्रोल रूम तक पहुंचेगी। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि अभियान समाप्त होने तक जिले की कोई भी गर्भवती महिला स्वास्थ्य जांच से वंचित न रहे और एनीमिया से पीड़ित महिलाओं को समय पर उपचार मिल सके।
मुफ्त दवा, परिवहन और ऑपरेशन की सुविधा
स्वास्थ्य विभाग ने गर्भवती महिलाओं से सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है। जिला नागरिक अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं चौबीस घंटे उपलब्ध हैं। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए मुफ्त परिवहन, मुफ्त दवाइयां और जरूरत पड़ने पर ऑपरेशन की सुविधा भी निशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है।कुल मिलाकर मातृत्व सुरक्षा अभियान के जरिए स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच हो, हाई रिस्क मामलों की पहचान की जा सके और डिलीवरी के दौरान मां और बच्चे दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अन्य खबरें जानें –



