अंबाला, 19 नवंबर
हरियाणा में पराली जलाने की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए कृषि विभाग पूरी तरह से सख्त नजर आ रहा है। अंबाला जिले में विभाग की 400 से ज्यादा टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं, जिनका असर अब जमीन पर भी दिखने लगा है। विभाग की सख्ती और किसानों के सहयोग से इस बार पराली जलाने के मामलों में कमी दर्ज की गई है, हालांकि बेमौसम बारिश ने किसानों की गेहूं की बिजाई जरूर लेट कर दी है।
प्रदूषण कंट्रोल के लिए कृषि विभाग सतर्क
अंबाला में प्रदूषण को कंट्रोल करने के लिए कृषि विभाग पूरी तरह सतर्क दिखाई दे रहा है डॉक्टर राजेश कुमार ने बताया कि अंबाला में हरसैक (HARSAC) के जरिए सैटेलाइट से अब तक पराली जलाने की 12 लोकेशन्स प्राप्त हुईं, जिनकी क्रॉस-वेरिफिकेशन के बाद 5 जगहों पर आग लगने की पुष्टि हुई। इसके अलावा फील्ड विजिट और शिकायतों के आधार पर 3 अन्य मामले सामने आए। कुल मिलाकर जिले में अब तक पराली जलाने की 8 घटनाएं सामने आई हैं।
पराली जलाने पर 8 चालान और 7 FIR दर्ज
प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए सभी 8 मामलों में चालान काटे हैं और 7 पर FIR दर्ज की गई है। साथ ही दोषियों के लैंड रिकॉर्ड में ‘रेड एंट्री’ करने की प्रक्रिया भी जारी है।अधिकारियों के मुताबिक, इस सीजन में हुई दो बेमौसम बारिशों के कारण धान की कटाई में देरी हुई है। खेतों में पानी भरने से मशीनें समय पर नहीं चल सकीं, जिसके चलते गेहूं की समय पर बुवाई को लेकर किसानों में थोड़ा दबाव देखा जा रहा है।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे पराली प्रबंधन के लिए एक्स-सीटू (Ex-situ) की बजाय इन-सीटू (In-situ) तकनीक को अपनाएं, ताकि मिट्टी की उर्वरता और ऑर्गेनिक कार्बन बना रहे।
अन्य खबरें जानें –



