अमृतसर, 15 नवंबर
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और संगठित अपराध पर नकेल कसने के लिए एक बड़ा अभियान चलाते हुए कई सनसनीखेज मामलों का पर्दाफाश किया है।पुलिस ने सीमा पार से रची जा रही एक बड़ी आतंकी साजिश को भी नाकाम किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में पांच अवैध पिस्तौल, जिंदा कारतूस और बड़ी संख्या में चोरी के वाहन बरामद किए गए हैं।
शिवाला मंदिर के बाहर व्यापारी को मारी थी गोली
पुलिस ने शिवाला मंदिर के बाहर एक केमिस्ट की दुकान से घर लौटते समय व्यापारी को गोली मारकर लूटने की वारदात को पुलिस ने महज तीन दिनों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में तीनों मुख्य आरोपियों रोहित उर्फ रूही, कमलजीत सिंह और संजय कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने नशे की हालत में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर केमिस्ट से पैसे छीनने की कोशिश की थी।
पिस्तौल, कारतूस और एक्टिवा बरामद
व्यापारी द्वारा विरोध करने और हाथापाई होने पर आरोपियों ने उसकी टांग में गोली मार दी और 3000 रुपये नकद तथा एक अंगूठी लूटकर फरार हो गए। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और चोरी की एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई है।
आरोपियों के पाकिस्तान से जुड़े तार
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया । पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों के तार सीधे तौर पर पाकिस्तान में बैठे तत्वों से जुड़े पाए गए हैं। उन्हें यह हथियार किसी पुलिस स्टेशन पर हमला करने के मकसद से उपलब्ध कराया गया था, जिसकी रिकॉर्डिंग और सबूत पुलिस के हाथ लगे हैं।
अन्य खबरें जानें –
Mad Sandhu murder case: पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, मुख्य शूटर सहित 2 आरोपी गिरफ्तार



