Karnal में अवैध हथियार नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार, नारकोटिक्स सेल ने 3 तस्कर दबोचे, 2 पिस्टल-5 कट्टे बरामद

करनाल, 13 नवंबर करनाल में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क पर पुलिस की नारकोटिक्स सेल ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग…

करनाल

करनाल, 13 नवंबर

करनाल में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क पर पुलिस की नारकोटिक्स सेल ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल दो पिस्टल, पांच देसी कट्टे और एक मैगजीन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश के कैराना का हिस्ट्रीशीटर आरिफ भी शामिल है, जिसके खिलाफ हरियाणा सहित अन्य राज्यों में आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई के धंधे में शामिल थे।

आरोपी के पास से 1 पिस्टल और 4 देसी कट्टे बरामद

नारकोटिक्स सेल की कार्रवाई में सबसे अहम गिरफ्तारी आरिफ पुत्र इनाम, निवासी गांव तितरवाड़ा, उत्तर प्रदेश की रही। आरोपी को 7 नवंबर 2026 को मुकदमा नंबर 144/2026 के तहत थाना सेक्टर-32-33 में दर्ज मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की तो उसकी निशानदेही पर एक पिस्टल मैगजीन सहित और चार देसी कट्टे बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक आरिफ मध्य प्रदेश से अवैध हथियार लाकर अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई करता था। उसके खिलाफ करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह थाना कैराना का हिस्ट्रीशीटर भी है।

नीरज के पास से 315 बोर कट्टा बरामद

अवैध हथियारों के खिलाफ दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने सोनीपत निवासी नीरज पुत्र सुरेंद्र को पक्का पुल से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का एक देसी कट्टा बरामद हुआ। इस संबंध में थाना मधुबन में मामला दर्ज किया गया।

नूरमहल चौक से पिस्टल सहित युवक गिरफ्तार

मुख्य सिपाही राजीव कुमार की टीम ने दिल्ली निवासी अनुराग यादव पुत्र लाल बहादुर को नूरमहल चौक से काबू किया। उसके पास से एक पिस्टल और मैगजीन बरामद हुई। अनुराग के खिलाफ भी हत्या के प्रयास सहित आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

संगठित गैंग से लिंक की जांच में जुटी पुलिस

तीनों आरोपी हथियारों की सप्लाई में शामिल थे। नारकोटिक्स सेल प्रभारी के मुताबिक गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी अवैध हथियारों की खरीद और सप्लाई से जुड़े हुए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन आरोपियों ने किन-किन लोगों को हथियार उपलब्ध करवाए और इनके पीछे इस अवैध कारोबार का नेटवर्क कौन चला रहा था। किसी संगठित गैंग से इनके संबंध होने की भी जांच की जा रही है।

अन्य खबरें जानें –

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *