Panipat में इंसानियत की मिसाल, घायल बंदर के लिए दौड़े युवक, बेजुबान की बचाई जान, करंट में झुलसा था बंदर

पानीपत, 11 नवंबर पानीपत में रेलवे ट्रैक पर एक हादसा हो गया। कोर्ट के पीछे से गुजर रही रेलवे लाइन पर बंदर का एक छोटा…

पानीपत

पानीपत, 11 नवंबर

पानीपत में रेलवे ट्रैक पर एक हादसा हो गया। कोर्ट के पीछे से गुजर रही रेलवे लाइन पर बंदर का एक छोटा बच्चा 25 हजार वोल्ट की बिजली की तार की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि बंदर का बच्चा बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद वह रेलवे ट्रैक के पास दर्द से तड़प रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक स्थानीय युवक की नजर उस पर पड़ी। युवक ने बंदर के बच्चे को तड़पता देखा तो तुरंत उसे गोद में उठाया और बिना समय गंवाए करीब 2 किलोमीटर पैदल दौड़कर अस्पताल पहुंच गया।

बंदर के बच्चे के लिए दौड़े युवक

युवक को उम्मीद थी कि अस्पताल में बंदर के बच्चे को तुरंत इलाज मिल जाएगा, लेकिन यहां भी परेशानी सामने आ गई। इंसानों के अस्पताल में उसकी मरहम-पट्टी तो कराई गई, मगर जानवर होने के कारण आगे का इलाज नहीं हो सका। इसी दौरान अस्पताल में अपने भाई का इलाज करवाने आए एक युवक नीरज  की नजर बंदर के बच्चे पर पड़ी। वह लगातार तड़प रहा था। उसकी हालत देखकर युवक से भी रहा नहीं गया।इसके बाद उसने अपने भाई को अस्पताल में छोड़कर दूसरे युवकों के साथ बंदर के बच्चे को कार में बैठाया और पशु अस्पताल की तरफ दौड़ पड़ा।

निजी डॉक्टर से इलाज करवाकर बचाई बंदर की जान

युवकों को लगा कि वहां पहुंचकर बेजुबान को इलाज मिल जाएगा, लेकिन पशु अस्पताल पहुंचने पर वह बंद मिला।अब एक बार फिर सवाल था कि इस बेजुबान की जान कैसे बचाई जाए? लेकिन युवकों ने हार नहीं मानी। वे बंदर के बच्चे को लेकर गांव की तरफ रवाना हुए और वहां एक निजी डॉक्टर से उसका इलाज करवाया। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और समय रहते बंदर के बच्चे की जान बच गई।

बेजुबान के लिए आगे आए युवक

इस घटना में खास बात यह रही कि एक युवक ने रेलवे ट्रैक से बंदर के बच्चे को गोद में उठाकर 2 किलोमीटर तक दौड़ लगाई। वहीं अस्पताल में अपने भाई का इलाज करवाने आए दूसरे युवक ने बंदर की तड़प देख अपने मरीज को छोड़कर उसकी मदद के लिए कदम बढ़ाया। पशु अस्पताल बंद मिला तो भी उन्होंने रास्ता नहीं छोड़ा और इलाज का दूसरा इंतजाम किया।यह घटना सिर्फ एक बंदर के बच्चे की जान बचाने की कहानी नहीं है, बल्कि उन अनजान लोगों की संवेदनशीलता की मिसाल है, जिन्होंने एक बेजुबान की जिंदगी को भी उतनी ही अहमियत दी, जितनी किसी इंसान की जिंदगी को दी जाती है।एक बेजुबान की जान बचाने के लिए आगे आए इन युवकों ने साबित कर दिया कि इंसानियत आज भी जिंदा है।

अन्य खबरें जानें –

Faridabad में बीच-बचाव करना पड़ा युवक को भारी, पड़ोसियों ने ईंट से फोड़ा सिर, CCTV में कैद हुई घटना

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *