रेवाड़ी, 11 नवंबर
रेवाड़ी के गांव शाहपुर निवासी एक BCA छात्रा से फेसबुक पर भैंस बेचने का विज्ञापन देकर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपियों ने भैंस बेचने के नाम पर छात्रा से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 98 हजार रुपये ठग लिए। पैसे मिलने के बाद आरोपियों ने न तो भैंस भेजी और न ही रकम वापस लौटाई।
भैंस खरीदना पड़ा महंगा
पुलिस को दी शिकायत में छात्रा निशा ने बताया कि 27 अक्टूबर को उसने फेसबुक पर भैंस बेचने का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने ट्रांसपोर्ट फीस के नाम पर 6 हजार रुपये मांगे। इसके लिए एक अन्य मोबाइल नंबर भेजा गया। छात्रा ने गूगल-पे के माध्यम से 2-2 हजार रुपये की तीन ट्रांजेक्शन में रकम भेज दी। इसके बाद आरोपियों ने उसे एक स्कैनर भेजकर अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 21,500, 21 हजार, 500, 16 हजार, 16 हजार और 17 हजार रुपये और जमा करवा लिए। इस तरह छात्रा के खाते से कुल 98 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए। भैंस नहीं पहुंचने और रकम वापस नहीं मिलने पर उसे ठगी का अहसास हुआ।
1930 पर शिकायत कराई दर्ज
इसके बाद छात्रा ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। साइबर क्राइम थाना रेवाड़ी पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर खरीदारी करते समय अनजान लोगों के विज्ञापनों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।
अनजान QR कोड स्कैन न करें
किसी भी सामान की खरीद के नाम पर अनजान व्यक्ति के खाते में एडवांस या ट्रांसपोर्ट फीस जमा करवाने से पहले पूरी जांच कर लें। किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड या स्कैनर को स्कैन कर भुगतान न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
अन्य खबरें जानें –
ਫਿਲੌਰ ਪੁਲਿਸ ਦੀ ਵੱਡੀ ਕਾਰਵਾਈ: 1.5 ਕਿਲੋ ਅਫੀਮ ਸਮੇਤ ਤਸ਼ਕਰ ਕਾਬੂ, ਮੱਧ ਪ੍ਰਦੇਸ਼ ਤੋਂ ਲਿਆਉਂਦਾ ਸੀ ਨਸ਼ਾ



