गुरूग्राम, 28 अक्टूबर
करवाचौथ के पावन पर्व को लेकर गुरुग्राम के सदर बाजार में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य की कामना के लिए रखे जाने वाले इस व्रत को लेकर सुहागिन महिलाओं में गजब का उत्साह और श्रद्धा भाव नजर आ रहा है। बाजार में खरीदारी के साथ-साथ सुहागिनों में मेहंदी लगवाने की होड़ मची हुई है, जिसके चलते बाजारों में खासी भीड़ जुट रही है।
मेहंदी स्टॉल पर उमड़ी भीड़
सदर बाजार स्थित मेहंदी स्टॉल संचालकों के अनुसार, करवाचौथ के इस तीन दिवसीय उत्सव के दौरान दुकानों पर सुबह से लेकर देर रात तक भारी भीड़ उमड़ रही है। स्थिति यह है कि महिलाओं को अपनी पसंद की मेहंदी लगवाने के लिए अपनी बारी का तीन से चार घंटे तक लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। बावजूद इसके महिलाओं के उत्साह में कोई कमी नहीं है और वे घंटों बैठकर अपने हाथों पर सुहाग की मेहंदी सजवा रही हैं।
मेहंदी में नए ट्रेंड की धूम
इस बार बाजार में दूल्हा-दुल्हन, छलनी डिजाइन और वाटर-पोर्ट्रेट जैसे कई नए और आधुनिक ट्रेंड्स की धूम है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि न सिर्फ स्थानीय गुरुग्राम बल्कि दिल्ली, फरीदाबाद और आसपास के NCR क्षेत्रों से भी महिलाएं और युवतियां विशेष रूप से उनके पास मेहंदी लगवाने पहुंच रही हैं। करवाचौथ का यह पर्व महिलाओं के लिए आपसी जुड़ाव और परंपराओं को निभाने का एक खास जरिया बना हुआ है।
अन्य खबरें जानें-



