पलवल, 28 अक्टूबर
पलवल में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने हथीन गेट चौक स्थित पार्क में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने जहां कांग्रेस पर निशाना साधा, वहीं ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार पाकिस्तान को दिल्ली में होने वाली SOC की बैठक के लिए आमंत्रित किए जाने को लेकर कहा कि यह कूटनीति है और भारत अपनी ताकत को हमेशा चाहे कोई भी आतंकवादी गतिविधि हो उसमें दिखाता रहेगा। साथ ही भाजपा जिला अध्यक्षों की हटाई गई सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्षों को सुरक्षा की कोई जरूरत नहीं थी और सभी ने अपनी स्वेच्छा से ही सुरक्षा हटाई है।
अटल जी की प्रतिमा से मिलेगी प्रेरणा
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि वार्ड नंबर 27 में बनाए गए पार्क का नाम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा गया है। पार्क के सौंदर्यीकरण एवं ओपन जिम तथा कैनोपी बनाने का कार्य शुरू किया जाएगा। इस पार्क को भव्य एवं सुदंर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी पार्क में लगाई गई अटल जी की प्रतिमा अटल जी द्वारा किए गए कार्यों, देश के निर्माण में उनके योगदान को सदैव याद दिलाएगी। इस प्रतिमा से लोगों को प्रेरणा मिलेगी।
मॉडल रोड और स्टेडियम से बदलेगी जिले की तस्वीर
गौरव गौतम ने कहा कि पलवल के विकास में नए आयाम स्थापित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे है। पलवल शहर के सौंदर्यीकरण को बढ़ाने के लिए वॉल पेंटिंग की जा रही है। पलवल के चौक चौराहों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। पलवल शहर में मॉडल रोड बनाए जा रहे है। खेलों को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक खेल स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पलवल में कई सौ करोड़ रूपए की लागत से बिजली,पानी,सडक़ जैसी मूलभूत सुविधाऐं लोगों को प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि पलवल में विकास की गति का पहिया दौड़ रहा है।
वोट चोरी के मुद्दे पर मंत्री ने किया कांग्रेस पर वार
पलवल जिला में बड़ी परियोजनाओं पर भी कार्य शुरू किया जाएगा। आने वाले समय में पलवल उभरता हुआ जिला बनकर सामने आएगा।गौरव गौतम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश में भ्रम,अफवाह और अराजकता फैलाने का कार्य कर रही है। कांग्रेस नकारात्मक राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर वोट चोरी हुआ है तो कांग्रेस पार्टी केरल, तेलंगाना के मुख्यमंत्री से इस्तीफा दिलवाए। हेमंत सोरेन के साथ गठबंधन में कांग्रेस की सरकार बनी है, वहां पर भी इस्तीफा दिलाने का कार्य करें।
इसी प्रकार हिमाचल व कर्नाटक सरकारों से भी इस्तीफा दिलवाया जाए। कांग्रेस झूठ का प्रोगेंडा खड़ा कर देश को भ्रमित करने की मानसिकता कांग्रेस की रही है। उन्होंने कहा कि भीड़तंत्र से काम नहीं चलता है बल्कि लोकतंत्र से देश चलता है।
अन्य खबरें जानें-
करवाचौथ को लेकर गुरूग्राम के सदर बाजार में रौनक, मेहंदी स्टॉल पर लगी लंबी कतारें



