पलवल, 19 अक्टूबर
हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्षा डॉ. अर्चना गुप्ता ने पलवल में शक्ति केंद्र-113 के अंतर्गत मेन रोड स्थित प्रजापति निवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन बैठक का आयोजन किया। बैठक में हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम, जिला अध्यक्ष विपिन बैसला, जिला महामंत्री जयराम प्रजापति सहित शक्ति केंद्र के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने एक साथ बैठकर भोजन किया और संगठन को मजबूत बनाने को लेकर चर्चा की।
शक्ति केंद्रों पर हर माह होगी टिफिन बैठक
इस अवसर पर डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार हरियाणा प्रदेश के शक्ति केंद्रों पर प्रत्येक माह टिफिन बैठक आयोजित की जा रही है। इन बैठकों का उद्देश्य कार्यकर्ताओं के बीच आपसी संवाद, अपनापन और संगठनात्मक समन्वय को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत पर निर्भर करती है।उन्होंने बताया कि बैठक में बूथों को मजबूत बनाने, बूथ समितियों के गठन और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।
हर बूथ पर मजबूत होंगे पन्ना प्रमुख
अगले चरण में प्रत्येक बूथ पर मजबूत पन्ना प्रमुखों का गठन करने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से क्षेत्र के विकास के लिए योजनाएं बनाने और अपने नेताओं के साथ विचार-विमर्श कर जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। डॉ. अर्चना गुप्ता ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे देश में अस्थिरता का माहौल बनाने और युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष विभिन्न मुद्दों पर प्रोपेगेंडा फैलाकर लोगों के विश्वास को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है, जबकि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत है और नागरिकों की लोकतंत्र में आस्था है।
अन्य खबरें जानें –



