रेवाड़ी ,12 सितंबर
रेवाड़ी में बार एसोसिशन के चुनाव में बीते कल पूर्व प्रधान सौरभ यादव ने निवर्तमान प्रधान विश्वामित्र यादव को 407 वोटों के बड़े अंतर से हराकर प्रधान पद पर जीत हासिल की। सौरभ यादव को 1140 वोट जबकि, विश्वामित्र यादव को 733 वोट मिले। प्रधान पद के तीसरे उम्मीदवार प्रेमपाल को 37 वोट मिले। चुनाव में छह पदों के लिए 15 उम्मीदवार मैदान में थे।
निवर्तमान प्रधान विश्वामित्र यादव तीनों राउंड में से किसी भी राउंड में बढ़त नहीं बना पाए। उपप्रधान पद पर अरुण यादव विजयी रहे। उन्होंने भूपेंद्र यादव को 87 वोटों से हराया। अरुण यादव को 887, भूपेंद्र यादव को 800 और भूपेंद्र शर्मा को 223 वोट मिले। महिला उपप्रधान पद पर भागेश विजयी रहीं। उन्हें 1037, जबकि कल्याणी को 873 वोट मिले। सचिव पद पर विशाल यादव ने जीत दर्ज की। विशाल यादव को 994 और उनके प्रतिद्वंद्वी मुकेश रंगा को 916 वोट मिले। संयुक्त सचिव पद पर नीरू यादव विजयी रहीं। उन्हें 1191, जबकि मीनाक्षी को 719 वोट मिले। कोषाध्यक्ष पद पर महेश ने जीत हासिल की। महेश को 850, सन्नी को 643 और पार्थ सिंह को 377 वोट मिले।
रेवाड़ी बार एसोसिएशन का चुनाव राजनीतिक दृष्टि से भी काफी अहम माना जा रहा था। प्रधान पद के लिए एडवोकेट सौरभ यादव और एडवोकेट विश्वामित्र यादव के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा था, लेकिन परिणाम में सौरभ यादव ने बड़ी बढ़त के साथ जीत दर्ज की।
अन्य खबरें जानें –
Chandigarh की सेक्टर-36 स्टेशन ने आम जनता से अज्ञात शव की पहचान में मांगी मदद



