फरीदाबाद, 5 सितंबर
फरीदाबाद में पिछले 31 दिनों से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। इसी बीच आज प्रदेशभर में मंत्रियों के कार्यालयों पर सफाई कर्मचारियों की ओर से झाड़ू प्रदर्शन किया गया। फरीदाबाद में भी बड़ी संख्या में कर्मचारी कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के कार्यालय पर पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी नेताओं ने सरकार से उनकी मांगों पर जल्द फैसला लेने की अपील की। सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान बलबीर बालगुहेर ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से बड़ी अपील करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जो भी फैसला लेंगे, वह उन्हें मंजूर होगा।बलबीर बालगुहेर ने कहा कि यह अच्छी बात है कि सरकार अपने स्तर पर सफाई कर्मचारियों की समस्या के समाधान को लेकर प्रयास कर रही है और आज भी बैठक बुलाई गई है। उन्होंने सरकार से अपील की कि कर्मचारियों की बात भी सुनी जाए।
कर्मचारी नेता ने कहा कि उनकी मुख्य मांग कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की है। उनका कहना है कि अगर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का फैसला लेते हैं, तो कर्मचारी खुद अपनी हड़ताल समाप्त कर देंगे।उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को हरियाणा का ताज बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कर्मचारियों के हित में जो भी फैसला करेंगे, वह उन्हें मंजूर होगा।उन्होंने मुख्यमंत्री से कर्मचारियों के साथ बातचीत के लिए तैयार होने की अपील की।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी नेता बलबीर बालगुहेर के पुलिस की सरकारी स्कॉर्पियो गाड़ी की छत पर चढ़कर नारेबाजी करने का मामला भी सामने आया।इस पर सफाई कर्मचारी नेता ने कहा कि हो सकता है कि जोश में उनसे ऐसा हुआ हो, लेकिन वह कानून का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान बारिश हो रही थी और कर्मचारियों में जोश था, इसी वजह से वह गाड़ी पर चढ़ गए।बलबीर बालगुहेर ने यह भी कहा कि अगर उनके इस कदम से कानून का उल्लंघन हुआ है तो वह अपनी गलती मानते हैं।
फिलहाल, 31 दिनों से जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच सरकार और कर्मचारियों के बीच बातचीत से समाधान की उम्मीद बनी हुई है। अब देखना होगा कि सरकार की बैठक के बाद कर्मचारियों की मांगों को लेकर क्या फैसला सामने आता है।
अन्य खबरें जानें –
कैथल में पुलिस का सर्च अभियान, नशा तस्करों पर करी कार्रवाई,53 बोतल शराब बरामद, आरोपी हिरासत में



