रेवाड़ी, 15 अगस्त
रेवाड़ी में देश की आजादी का पर्व स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति और गौरवपूर्ण वातावरण में मनाया गया। समारोह में हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया। समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने गीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और देशप्रेम को जीवंत किया।
विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में देशभक्ति का जोश भर दिया और समारोह में खूब तालियां बटोरीं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजेश नागर ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस की प्रदेशवासियों एवं जिलावासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी हमें असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से मिली है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों में देशभक्ति का विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरा अनाज मंडी परिसर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया और भारत माता के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। समारोह ने उपस्थित लोगों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का संकल्प लेने का संदेश दिया।
अन्य खबरें जानें –



