दिल्ली, 15 अगस्त
स्वतंत्रता दिवस के बीच देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी है। वहीं, दिल्ली-NCR में भी सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और दिनभर रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
UP में 11 नदियां उफान पर
उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश के कारण गंगा, यमुना और शारदा समेत 11 नदियां उफान पर हैं। वाराणसी में 100 से ज्यादा छोटे मंदिर पानी में डूब गए हैं। राज्य के सभी 75 जिलों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मध्य प्रदेश में फिर एक्टिव हुआ मानसून
मध्य प्रदेश में बारिश का एक और दौर शुरू हो गया है। प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में मानसून का स्ट्रॉन्ग सिस्टम सक्रिय है। जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में इसका असर ज्यादा है। मौसम विभाग ने 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान के 18 जिलों में येलो अलर्ट
राजस्थान में भी बारिश का असर देखने को मिल रहा है। जोधपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर और बीकानेर समेत 18 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
हिमाचल में लैंडस्लाइड, 114 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं।
राज्य में लैंडस्लाइड के चलते 114 सड़के बंद हो चुकी हैं।राज्य में 30 जून तक बारिश से होने वाले हादसों में 80 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
ओडिशा में बाढ़
ओडिशा में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण छह जिलों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। प्रशासन ने 41 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। बाढ़ का असर 429 से अधिक गांवों पर पड़ा है।
उत्तराखंड में ऑरेंज और येलो अलर्ट
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि आठ जिलों में येलो अलर्ट है। मौसम विभाग के देहरादून केंद्र के अनुसार इन इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में छाए बादल
दिल्ली और NCR में सुबह से ही काले बादल छाए हुए हैं। इससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने दिल्ली में दिनभर रुक-रुककर बौछारें पड़ने और गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है।
कुल मिलाकर, देश के कई राज्यों में मानसून का असर तेज बना हुआ है। जहां कुछ राज्यों में बारिश से गर्मी से राहत मिली है, वहीं कई इलाकों में बाढ़, जलभराव और भूस्खलन ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
अन्य खबरें जानें –



