सोनीपत, 13 अगस्त
सोनीपत रेलवे स्टेशन पर दोस्तों के सामने स्टंट करने के चक्कर में युवक ने फुटओवर ब्रिज का रास्ता छोड़ दिया और खड़ी मालगाड़ी के डिब्बों के ऊपर चढ़ गया। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की तार की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से युवक बुरी तरह झुलस गया।
हादसे के बाद स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। GRP पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में PGI रोहतक रेफर कर दिया गया। सोनीपत GRP के ASI ने बताया कि घायल युवक की पहचान हर्षित के रूप में हुई है। वह सोनीपत पॉलिटेक्निक का छात्र बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हर्षित स्टेशन पर किसी काम से आया था और दोस्तों के साथ मौजूद था। इसी दौरान वह स्टंट करते हुए मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया।
रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के ऊपर हाईटेंशन तारों की मौजूदगी बेहद खतरनाक होती है। बिजली की तार को छुए बिना भी उसके नजदीक जाने पर करंट की चपेट में आने का खतरा रहता है। ऐसे में युवक की यह लापरवाही उसकी जान पर भारी पड़ गई।
फिलहाल घायल हर्षित को प्राथमिक उपचार के पश्चात PGI रोहतक रेफर कर दिया है। GRP पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। दोस्तों के साथ स्टंट दिखाने की कोशिश में हुआ यह हादसा युवाओं के लिए एक गंभीर चेतावनी भी है कि रेलवे परिसर में छोटी सी लापरवाही भी जिंदगी भर का दर्द दे सकती है।
अन्य खबरें जानें –



