गुरुग्राम, 27 जुलाई
गुरुग्राम में आज गौमाता को राष्ट्र माता का दर्जा देने, देशभर में पूर्ण गौहत्या बंदी और केंद्रीय गोसेवा मंत्रालय के गठन की मांग को लेकर विशाल गो सम्मान आह्वान अभियान यात्रा निकाली गई। बजरंग दल से जुड़े मोनू मानेसर की अगुवाई में निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में गौरक्षक, साधु-संत और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हुए।
यात्रा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और प्रशासन को मांगों का ज्ञापन भी सौंपा गया। कमान सराय ग्राउंड से गो सम्मान आह्वान अभियान यात्रा की शुरुआत हुई। यहां बड़ी संख्या में गौरक्षक, साधु-संत, महंत और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता एकत्रित हुए। संक्षिप्त सभा के बाद यात्रा शहर की सड़कों पर रवाना हुई।
यात्रा अग्रसेन चौक, डाकखाना चौक, सदर बाजार, सोहना चौक और राजीव चौक जैसे प्रमुख मार्गों से होकर लघु सचिवालय पहुंची। इस दौरान समर्थकों ने गौ संरक्षण और गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर नारे लगाए। वही गौ रक्षक मोनू मानेसर की मानें तो यात्रा के दौरान केंद्र सरकार से गौमाता को राष्ट्र माता का दर्जा देने, पूरे देश में एक समान सख्त गौ संरक्षण कानून लागू करने और अलग केंद्रीय गोसेवा मंत्रालय बनाने की मांग उठाई गई।
लघु सचिवालय पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भी सौंपा गया।यात्रा को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने पूरे रूट पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। प्रमुख चौराहों पर पुलिस और ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती रही और यात्रा के दौरान कई स्थानों पर यातायात को अस्थायी रूप से डायवर्ट किया गया ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
अन्य खबरें जानें –



