अंबाला, 27 जुलाई
गो सेवा, गो रक्षा और गो सम्मान की मांग को लेकर अंबाला में आज गो सम्मान आवाहन अभियान के तहत बड़ी संख्या में गो सेवक एकत्रित हुए। इस दौरान उन्होंने सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर गाय को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने की मांग उठाई।
अंबाला में आयोजित गो सम्मान आवाहन अभियान के दौरान विभिन्न सामाजिक और गौ सेवा से जुड़े संगठनों के कार्यकर्ता एक मंच पर पहुंचे। गो सेवकों ने अपनी मांगों को लेकर सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा और कहा कि गाय को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिया जाना चाहिए। मीडिया से बातचीत करते हुए गो सेवकों ने कहा कि हिंदू धर्म में गाय का विशेष महत्व है और कोई भी धार्मिक अनुष्ठान गाय माता के बिना पूर्ण नहीं माना जाता। उनका कहना था कि गाय केवल आस्था का प्रतीक नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की पहचान भी है। इसलिए सरकार को गाय को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने की दिशा में जल्द फैसला लेना चाहिए। गो सेवकों ने बताया कि इस मांग को लेकर देशभर में अलग-अलग स्थानों पर अभियान और प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक गाय को राष्ट्रीय माता का दर्जा नहीं मिलता, तब तक उनका यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
अन्य खबरें जानें –



