झज्जर, 27 जुलाई
झज्जर पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 31 लाख रुपये कीमत की 454 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब एवं बीयर से भरे एक कैंटर को पकड़कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।ACP क्राइम शमशेर सिंह दहिया ने प्रेस वार्ता में बताया कि CIA झज्जर की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि लाल रंग का टाटा-1916 कैंटर, जिसके पीछे तिरपाल लगा हुआ है, बेरी की तरफ से जहाजगढ़ की ओर जाएगा और उसमें भारी मात्रा में अवैध शराब भरी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बेरी-जहाजगढ़ रोड पर गांव एमपी माजरा मोड़ के पास एक निजी स्कूल के नजदीक नाकाबंदी कर दी।
कुछ समय बाद संदिग्ध कैंटर मौके पर पहुंचा। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया और कैंटर को काबू किया गया।जांच के दौरान पाया गया कि वाहन की नंबर प्लेट पर ग्रीस लगाकर वास्तविक नंबर को छिपाने का प्रयास किया गया था, ताकि पुलिस और CCTV कैमरों की नजर से बचा जा सके।
पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान मनीष दहिया निवासी शादिपुर, जिला रेवाड़ी तथा परिचालक ने बिट्टू निवासी नारंगी बांदा, आसाम के रूप में बताई। दोनों ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते हुए बताया कि वाहन में पशुओं का फीड (चारा) भरा हुआ है। पुलिस को संदेह होने पर जब तिरपाल हटाकर कैंटर की तलाशी ली गई तो उसके अंदर भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर की पेटियां बरामद हुईं।मौके पर आबकारी विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया। संयुक्त जांच के दौरान कुल 454 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें रॉयल मेंशन गोल्ड व्हिस्की, इम्पीरियल ब्लू, रॉयल स्टैग सहित विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब तथा किंगफिशर बीयर शामिल थी।
जांच में यह भी सामने आया कि अधिकांश पेटियों पर क्यूआर कोड नहीं थे तथा कई पेटियों के लेबल फटे हुए थे, जिससे अवैध तस्करी की आशंका और मजबूत हो गई।पुलिस द्वारा शराब के परिवहन से संबंधित लाइसेंस, परमिट एवं अन्य वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद आबकारी विभाग की मौजूदगी में शराब की गिनती, सैंपलिंग एवं जब्ती की कार्रवाई पूरी कर कैंटर को भी कब्जे में ले लिया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बेरी में हरियाणा आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि अवैध शराब की खेप कहां से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था तथा इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस अवसर पर एसीपी क्राइम शमशेर सिंह दहिया ने बताया कि झज्जर पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है। पूरे तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश कर इसमें शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अन्य खबरें जानें –



