चंबा ,24 जुलाई
चंबा जिला के चुराह उपमंडल में लगातार हो रही बारिश के कारण नकरोड़-चांजू मार्ग पर बहने वाला कंगेला नाला उफान पर है। नाले में तेज बहाव होने से पैदल आवाजाही बेहद जोखिम भरी हो गई है। पिछले वर्ष बादल फटने की घटना में यहां बना पुल क्षतिग्रस्त हो गया था, लेकिन अब तक उसकी मरम्मत शुरू नहीं हो पाई है।
बरसात के मौसम के लिए न तो कोई अस्थायी पुल बनाया गया है और न ही वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है।इस कारण बघेईगढ़, चांजू, चरड़ा और देहरा पंचायतों के लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक चिंता स्कूली बच्चों को लेकर है, जिन्हें मजबूरी में तेज बहाव वाले नाले को पार कर स्कूल जाना पड़ रहा है। महिलाओं और बुजुर्गों को भी अपनी जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है।
हालात ऐसे हैं कि कई अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें स्कूल भेजने से डर रहे हैं।स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि बरसात के दौरान लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल अस्थायी पुल बनाया जाए तथा क्षतिग्रस्त पुल के पुनर्निर्माण का कार्य बिना देरी के शुरू किया जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
अन्य खबरें जानें-


