देशभर में पेपर लीक और छात्र आंदोलन को लेकर अब खेल जगत के कईं खिलाडियों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर, शुभमन गिल, इरफान पठान, मोहम्मद कैफ, शिखर धवन, अभिनव बिंद्रा और ग्रैंडमास्टर निहाल सरीन ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, मेरिट और छात्रों के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही है।
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने कहा कि हर छात्र कॉ मेहनत का सम्मान होना चाहिए और मेरिट की जीत सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने अपने पिता की सीख याद करते हुए कहा कि असफल होना स्वीकार्य है, लेकिन चीटिंग नहीं। अगर छात्रों को लगे कि उनकी मेहनत का सही फल नहीं मिला, तो उनका निराश होना स्वाभाविक है।
भारतीय टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों का समर्थन करते हुए कहा कि देश के युवाओं को सीखने, सपने देखने और आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने सभी पक्षों से छात्रों के हित को प्राथमिकता देने की अपील की।
पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज को दुखद बताते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था की कमियों के खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्रों के साथ हिंसा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने इस मुद्दे का जल्द से जल्द समाधान निकालने की मांग की।
इरफान पठान ने कहा कि हर छात्र और उसका परिवार बेहतर भविष्य के लिए वर्षों तक मेहनत करता है। पेपर लीक जैसी घटनाएं छात्रों की उम्मीदों को नहीं तोड़नी चाहिए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
शिखर धवन ने युवाओं के सपनों और संघर्ष को समझने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि कठिन समय में धैर्य बनाए रखना और संवाद के जरिए समाधान तलाशना सबसे बेहतर रास्ता है।
ओलिंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा ने कहा कि मजबूत और निष्पक्ष शिक्षा व्यवस्था किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत होती है। वहीं ग्रैंडमास्टर निहाल सरीन ने पेपर लीक मामलों में जवाबदेही तय करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
गौरतलब है कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्र संगठन 20 जून से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग कर रहे हैं। 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पें भी हुई थीं।
अन्य खबरें जानें-






