जींद 13 जुलाई
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार देर शाम जींद पहुंचे और 17 जुलाई को होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल रैली के स्थल का निरीक्षण किया। पिछले एक सप्ताह में मुख्यमंत्री का जींद का यह दूसरा दौरा है, जिसने रैली की तैयारियों को एक नई धार दी । मुख्यमंत्री ने रैली स्थल पर वाटरप्रूफ टेंट, बैठक व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान उनके साथ राज्यसभा सांसद व रैली संयोजक संजय भाटिया, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, कई कैबिनेट सहयोगी और भाजपा के वरिष्ठ नेता जवाहर सैनी मौजूद रहे। CM ने जींद की उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा और पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह के साथ सुरक्षा और जन-सुविधाओं को लेकर लंबी चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि रैली में आने वाली जनता को पानी, पार्किंग और यातायात में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने CM के आगमन की जानकारी मीडिया से सांझा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री ने तैयारियों की समीक्षा बेहद सूक्ष्मता से की है। उन्होंने कहा कि यह रैली भव्यता के सारे रिकॉर्ड तोड़ेगी। मौसम को ध्यान में रखते हुए बारिश और गर्मी से बचाव के सभी संभावित पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा, सरकार ने तय किया है कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर बड़ी LED स्क्रीन लगाई जाएंगी, जिनके माध्यम से प्रधानमंत्री सीधे जनता से संवाद करेंगे।
रैली के संयोजक और राज्यसभा सांसद संजय भाटिया ने कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए दावा किया कि जींद का हुडा मैदान छोटा पड़ जाएगा। उन्होंने बताया कि रैली स्थल पर 96 \ 36 फीट का एक विशाल और भव्य मुख्य मंच (स्टेज) तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री स्वयं जनता के लिए कूलर, पंखे, भोजन और पानी की व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। सांसद संजय भाटिया और मंत्री कृष्ण बेदी ने संयुक्त रूप से बताया कि इस बार की रैली पूरी तरह से ‘ग्रीन और इको-फ्रेंडली’ होगी। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए रैली में आने वाले वाहनों में CNG और इलेक्ट्रिक वाहनों (E-Vehicles) को प्राथमिकता दी जा रही है। आयोजन को शत-प्रतिशत प्रदूषण मुक्त और अनुशासित रखने के लिए एक विशेष रोड मैप तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री के इस दौरे से प्रशासन और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है।
अन्य खबरें जाने –



