PALWAL में केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का किया उद्घाटन, ग्राम पंचायतों के मांग-पत्र को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का दिया भरोसा

पलवल , 13 जुलाई पलवल जिले के गांवों में केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने करोड़ों रुपए के विकास कार्यों के उद्घाटन किए।  गुर्जर ने …

पलवल
पलवल , 13 जुलाई

पलवल जिले के गांवों में केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने करोड़ों रुपए के विकास कार्यों के उद्घाटन किए।  गुर्जर ने  होडल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खाम्बी में लगभग 3 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए एवं स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान गांव में सामुदायिक भवनों, चौपालों, शहीद स्मारक, श्मशान घाट विकास, फिरनी मार्गों, खेत-खलिहान रास्तों, संत रविदास आश्रम, गौशाला, परशुराम पार्क तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े अनेक कार्यों को जनता को समर्पित किया गया। कार्यक्रम में पहुंचने पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, होडल विधायक हरेंद्र रामरतन ओर पूर्व मंत्री चौधरी हर्ष कुमार का   ग्रामीणों द्वारा फूलमालाएं पहनाकर एवं पगड़ी बांधकर भव्य स्वागत किया गया।

जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक गांव और प्रत्येक वर्ग तक विकास पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार शरीर के सभी अंगों का स्वस्थ होना आवश्यक है, उसी प्रकार क्षेत्र के हर गांव का विकास भी समान रूप से जरूरी है। सरकार बिना किसी भेदभाव के गांवों में सडक़, बिजली, पानी, शिक्षा और सामुदायिक सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में विकास और सुशासन की नीति के चलते देश और प्रदेश में आधारभूत ढांचे को अभूतपूर्व मजबूती मिली है, जिसका लाभ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रहा है।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों में सडक़, रेल और एक्सप्रेस-वे नेटवर्क का व्यापक विस्तार हुआ है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे, केएमपी, जेवर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी और विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं ने क्षेत्र को नई पहचान दी है। रेलवे फाटकों पर ओवरब्रिज और अंडरपास निर्माण से लोगों की आवाजाही पहले की अपेक्षा अधिक सुगम हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी होने के बाद क्षेत्र के विकास को और गति मिलेगी।

कृष्णपाल गुर्जर ने ग्राम पंचायत द्वारा प्रस्तुत मांग-पत्र पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गांव के विकास से संबंधित सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। उन्होंने गांव के विकास कार्यों के लिए सांसद निधि से 20 लाख रुपये देने की घोषणा करते हुए कहा कि पंचायत स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार इस राशि का उपयोग कर सकेगी।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने केंद्रीय राज्य मंत्री एवं अन्य अतिथियों का अभिनंदन करते हुए क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। ग्राम पंचायत ने गांव के विकास से जुड़ी विभिन्न मांगें रखीं, जिन पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *