जींद 4 जुलाई
हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, नकल रहित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जींद जिला प्रशासन, पुलिस और रोडवेज विभाग ने अपनी कमर कस ली है। जिले में बनाए गए कुल 22 परीक्षा केंद्रों पर इस बार 12,874 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठेगें।जींद के पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था की कमान राजपत्रित अधिकारियों को सौंपी है। परीक्षा के मद्देनजर करीब 800 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और विशेष पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार गश्त पर रहेंगी।
इस बीच पुलिस ने एक बेहद सराहनीय और मानवीय पहल की है। एसपी ने बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र ढूंढने में परेशानी आ रही हो या कोई साधन न मिलने के कारण देर हो रही हो, तो वह तुरंत डायल 112 पर कॉल कर सकता है या नजदीकी पुलिसकर्मी से मदद मांग सकता है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर परीक्षार्थी को उसके परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित और समय पर पहुंचाएगी।
जींद के SDM सत्यवान मान ने बताया कि परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट और फ्लाइंग स्क्वाड (उड़नदस्ते) लगातार फील्ड में एक्टिव हैं। सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल में हो।
परीक्षार्थियों के सफर को सुगम बनाने के लिए जींद रोडवेज के तमाम अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। ट्रैफिक मैनेजर वीरेंद्र पाल के मुताबिक परीक्षार्थियों के लिए विशेष परिवहन प्लान तैयार किया गया है गांवों से परीक्षार्थियों को लाने के लिए 34 विशेष बसें चलाई गई हैं।मुख्य बस स्टैंड से सभी 22 केंद्रों तक छोड़ने के लिए 18 बसें लगातार चक्कर काटेंगी, जिसके लिए बस स्टैंड पर 6 विशेष बूथ बनाए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति के लिए 6 बसें रिजर्व रखी गई हैं और मार्गदर्शन के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं।
सरकार की हिदायतों के अनुसार यह यात्रा पूरी तरह निशुल्क रहेगी।उन्होंने बताया कि जुलाई की भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सहूलियत का विशेष ध्यान रखा है। बस स्टैंड और परीक्षा केंद्रों के आसपास वॉटर प्लांट व वॉटर टैंकरों के जरिए पीने के ठंडे पानी की पुख्ता व्यवस्था की गई है, ताकि अभ्यर्थियों को इस उमस और गर्मी में किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। बस स्टैंड पर बकायदा रोडवेज कर्मचारी माइक पर जरूरी जानकारी देते रहे ।




