Sangrur Accident:
संगरूर के उपाली गांव के पास चंडीगढ़-बठिंडा नेशनल हाईवे पर देर रात करीब 1 बजे एक भयानक सड़क हादसा हो गया। यहां, एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने तीन कंबाइन मशीनों को एक के बाद एक टक्कर मार दी। ये किसान फिरोजपुर जिले के रहने वाले हैं, जो मध्य प्रदेश में कटाई का सीजन बिताने के बाद पंजाब लौट रहे थे। हालांकि इस हादसे में किसी की जान का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन मशीनों को भारी नुकसान पहुंचा है।
राजस्थान नंबर के एक ट्रक ने किसानों की कंबाइन मशीनों को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया है। प्रभावित किसानों के मुताबिक, वे पहले से ही कुदरत की मार झेल रहे हैं। फिरोजपुर में गुलाबी सुंडी और बेमौसम बारिश के कारण उनकी फसलें खराब हो गई थीं, जिसके बाद वे उम्मीद लेकर मध्य प्रदेश गए थे। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
किसान/ड्राइवर ने कहा कि, “हम अपनी लाइन में चल रहे थे, तभी पीछे से एक तेज रफ्तार ट्रक आया और उसने पहले एक मशीन फिर दूसरी को और उसके बाद तीसरी को टक्कर मार दी। पंजाब में कटाई का सीजन आने वाला है, अब हम क्या करेंगे? हमारी मजदूरी का खर्च… सब कुछ ठप हो गया है।” मौके पर मौजूद किसान ने बताया कि वे गेहूं की कटाई का सीजन खत्म करके मध्य प्रदेश से फिरोजपुर लौट रहे थे, तभी यह भयानक हादसा हो गया। इस हादसे में लाखों रुपए का नुकसान हुआ।
अन्य ख़बरें जानें-
अन्य अपड़ेट के लिए जुड़े रहिए LIVING INDIA NEWS के साथ 24/7 LIVE



