Punjab Government Report Card
पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार की मान सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर सोमवार को चंडीगढ़ में विस्तृत रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया। सीएम ने कहा कि मान सरकार ने चुनाव के समय जनता से किए अधिकतर वादों को पूरा किया। मुख्यमंत्री ने इसके साथ 4 साल बुकलेट को भी लांच किया। इसके बाद उन्होंने अपने अब तक के कार्यकाल में पूरे किए वादों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को 117 में से 92 सीटों पर जीत मिली थी और 16 मार्च 2022 को उन्होंने खटकड़ कलां में शपथ लेकर सरकार की शुरुआत की थी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लोगों को मुफ्त बिजली देने के फैसले को लेकर शुरुआत में विरोधियों ने कई सवाल उठाए थे। सरकार ने जुलाई 2022 से ही यह योजना लागू कर दी। आज लगभग 90 प्रतिशत परिवारों को मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है। इसके अलावा किसानों को दिन के समय आठ घंटे बिना रुकावट बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में बताया कि राज्य में 881 आम आदमी क्लीनिक खोले जा चुके हैं और दो सौ और खोले जाएंगे। राज्य में स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत हजारों लोगों का इलाज कराया जा रहा है।
खेलों क्षेत्र का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय बाद पंजाब को एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी मिलने जा रही है। यह मुकाबले जालंधर के बल्टन पार्क मैदान और मोहाली में आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि इससे पंजाब की खेल परंपरा को नई पहचान मिलेगी और युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। सीएम ने यह भी घोषणा की कि अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का नया क्रिकेट मैदान बनाया जाएगा।
कृषि और सिंचाई के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार आने से पहले राज्य में नहरों के पानी का उपयोग लगभग 21 से 22 प्रतिशत तक ही सीमित था। अब यह बढ़कर 70 प्रतिशत से अधिक हो गया है। इसके लिए नहर प्रणाली को मजबूत बनाने पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
रोजगार के मुद्दे पर सीएम ने कहा कि पिछले चार वर्षों में करीब 65 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। साथ ही उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए निवेश आकर्षित किया गया है।
सीएम मान ने विरोधियों को भी घेरा। सीएम ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक तरफ गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात की जाती है, जबकि दूसरी तरफ कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को गुजरात की साबरमती जेल में रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल के गैंगस्टरों पर कार्रवाई करने संबंधी बयान पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार न तो गैंगस्टरों को चुनाव में टिकट देती है और न ही उन्हें किसी हलके का प्रभारी बनाती है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में गैंगस्टर संस्कृति को बढ़ावा देने में उनकी भूमिका रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अन्य ख़बरें जानें-
अन्य अपड़ेट के लिए जुड़े रहिए LIVING INDIA NEWS के साथ 24/7 LIVE



