Punjab Youth Dies in Dubai:
पंजाब के विधानसभा हलका मेहल कलां के अधीन गांव सेहजड़ा के युवक की दुबई में दुखद मौत हो गई। युवक कमाई की तलाश में दुबई गया था की अचानक हरदीप सिंह की अचानक मौत की खबर मिली। इस दुखद घटना से परिवार समेत पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। लेकिन 10 दिन बीत जाने (Punjab Youth Dies in Dubai) के बावजूद मृतक का शव गांव नहीं पहुंचा है।
कर्ज लेकर भेजा था दुबई-
मृतक के पिता हरबंस सिंह और मां कुलवंत कौर निवासी गांव सेहजड़ा बताया कि उनका बेटा हरदीप सिंह बारहवीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद परिवार की माली हालत सुधारने के लिए कर्ज लेकर करीब पांच महीने पहले दुबई के शारजाह शहर में मजदूरी करने गया था। उनके अनुसार 24 जनवरी को उन्हें अचानक फोन पर हरदीप सिंह की मौत की खबर मिली, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार ने बताया कि अभी तक हरदीप सिंह की मौत की असली वजह के बारे में कोई पक्की जानकारी नहीं मिली है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का पता चलेगा।
शव लाने के लिए प्रशासन से अपील-
परिवार ने कहा कि पोस्टमॉर्टम और दूसरी कागजी कार्रवाई विदेश में पूरी होने की वजह से बॉडी को भारत लाने में और देरी हो रही है। मृतक के माता-पिता ने कहा कि वे दिहाड़ी मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालते हैं। पैसे की तंगी की वजह से वे अपने बेटे की बॉडी विदेश से भारत नहीं ला पा रहे हैं। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से अपील की है कि मृतक नौजवान हरदीप सिंह की बॉडी दुबई से गांव सेहजड़ा लाई जाए।
भारतीय किसान यूनियन ने भी की अपील-
इस मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन कादियां के जिला मीत प्रधान गुरध्यान सिंह सेहजड़ा, ब्लॉक महल कलां यूनिट के जनरल सेक्रेटरी अमरजीत सिंह भोला और गगनदीप सिंह बाजवा की लीडरशिप में 25 जनवरी को मृतक नौजवान के पिता हरबंस सिंह के साथ लोकसभा मेंबर गुरमीत सिंह मीत हेयर के जरिए डिप्टी कमिश्नर बरनाला को बॉडी वापस लाने के लिए अर्जी दी गई थी। नेताओं ने कहा कि DC बरनाला ने भरोसा दिलाया था कि कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद शव भारत लाया जाएगा, लेकिन आज मौत के करीब 10 दिन बीत जाने के बावजूद मृतक का शव गांव नहीं पहुंचा है।



