बठिंडा (पंजाब) : पंजाब पर लगता है नशा तस्करों की नजर लग चुकी है। आए दिन नशे की बड़ी खेप पकड़ी जा रही है। जिसके बाद पुलिस सोचती है कि अब तस्करी पर लगाम लग जाएगा। लेकिन पुलिस की सारी दलीलें बेकार हो जाती हैं। 22 जुलाई को ही जम्मू-कश्मीर सीमा पर 330 करोड़ रूपये की हेरोइन और ब्राउन शुगर जब्त किए गए थे। पंजाब पुलिस अभी इसकी जांच पूरी भी नहीं कर सकी है कि एक बार फिर बठिंडा पुलिस ने 75 लाख रूपये की हेरोइन जब्त कर तीन ड्रग्स पेडलर को गिरफ्तार किया है। बठिंडा पुलिस की काउंटर इंटेलीजेंस सेल ने सोमवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 75 लाख रूपये की हेरोइन बरामद की गई। हेरोइन को दिल्ली के किसी नाइजीरियन शख्स से लेकर तीनों यहां पहुंचे थे।

हेरोइन को बठिंडा, मुक्तसर, फरीदकोट, मोगा में सप्लाई करनी थी। इसी दौरान पुलिस को नशा तस्करों के बारे में गुप्त सूचना मिली और नाका लगाया गया। तीनों एक कार पर सवार होकर आ रहे थे और जब उन्हें रोकने की कोशिश की गई तो वो भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन आखिर में पकड़े गए। पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि तीनों दिल्ली के किसी नाइजीरियन मूल के शख्स से हेरोइन लेकर डिलीवरी के लिए पहुंचे थे। गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया वो किसी बड़े शख्स को हेरोइन देने आए थे। इसके लिए उन्हें महज कुछ रूपये ही मिले थे। आखिर वो बड़ा शख्स कौन है जिसे तीन तस्कर लाखों रूपये का ड्रग्स देने आ रहे थे। अगर गिरफ्तार आरोपी सही बोल रहे हैं तो पुलिस को उस शख्स का पता लगाना चाहिए। हो सकता है कि उस शख्स से पुलिस को ड्रग्स तस्करी के एक बड़े रैकेट का पता चले।
