ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: भावदीन टोल प्लाजा के निकट रविवार की सुबह हुई दो गाडिय़ों की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत वाहन की व्यवस्था कर घायलों को अस्पताल में पहुंचाया। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में पहुंचाया। मृतकों में फतेहाबाद जिले के गांव ढिंगसरा निवासी महेंद्र व गांव थेड़ी निवासी उसका साला नेकचंद शामिल हैं, जबकि घायलों में सुनील, सिमरन, रोहित और मोहित शामिल हैं।
मामले के अनुसार गांव ढिंगसरा निवासी महेंद्र अपनी आल्टो कार में जलालाबाद में शादी समारोह में शिरकत करने के लिए अपने साले नेकचंद व चारों बच्चों सहित सुबह फतेहाबाद से सिरसा की ओर आ रहा था। भावदीन के निकट टोल प्लाजा पर महेंद्र ने जल्दबाजी के चक्कर में पेट्रोल पंप से तेल भरवाने के बाद रोड के बीच में बने कट से गाड़ी को गलत साइड से निकालने का प्रयास किया।
इसी दौरान सिरसा से फतेहाबाद की ओर जा रही एक्सयूवी गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। जिससे दोनों गाडिय़ों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घने कोहरे की वजह से दोनों चालक एक दूसरे के वाहन को देख नहीं पाए। हादसे में आल्टो कार में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आसपास के लोगों ने एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने महेंद्र व नेकचंद को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। जबकि बाकि चारों घायलों का उपचार शुरू किया। हादसे की सूचना मिलने पर डिंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जाँच शुरू की।


