चंडीगढ़, 3 अगस्त
आज पंजाब विधानसभा का 13वां सत्र शुरू हो रहा है। सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही होगी। शुरूआत चार दिवंगत हस्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ होगी।
श्रद्धांजलि अर्पित होने के बाद प्रश्नकाल होगा। जिसमें विपक्ष की ओर सरकार से सवाल पूछे जाएंगे। सदन में आमजन से संबंधित आवश्यक घोषणाएं हो सकती है। सत्र के दौरान बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की पहली रिपोर्ट पेश की जाएगी, जिस पर चर्चा के बाद सदन की मंजूरी ली जाएगी।
विधानसभा सत्र के पहले दिन सरकार और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के आसार हैं। कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा समेत विपक्षी दल कानून-व्यवस्था, बेअदबी से जुड़े कानून, पेपर लीक, नशे की समस्या, किसानों के मुद्दे और राज्य पर बढ़ते कर्ज को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में हैं। कांग्रेस पार्टी के विधायक शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को भी प्रमुखता से उठाने की तैयारी में हैं।



