ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा में आए दिनों ऐसे मामले सामने आते रहते हैं, जिन्हें जानकर हरकोई सहम उठता है। वहीं अब रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक और मामला सामने आया है। यहां एक पिता ही अपनी नाबालिग बेटी का लंबे समय से रेप कर रहा था और लड़की को ये बात किसी के पास न बताने को लेकर धमकी दे रहा था।
दरअसल, हरियाणा के कैथल में एक शख्स पर लंबे समय से अपनी नाबालिग बेटी से रेप करने का घिनौना मामला सामने आया है। आरोपों के मुताबिक पिता बीते पांच सालों से अपनी 13 वर्षीय बेटी के साथ रेप करता आ रहा था। उस पर आरोप है कि वो पीड़िता को इस बारे में किसी को नहीं बताने की धमकी दे रहा था। आरोपी पिता बेटी से कहता था कि अगर उसने किसी से ये बात कही तो वो उसे जान से मार देगा। इसके बाद पीड़िता ने किसी तरह हिम्मत कर अपनी सौतेली मां को आपबीती सुनाई। जिसके बाद सौतेली मां ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर कॉल कर इसकी शिकायत की।
वहीं, शिकायत मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन करनाल और अंबाला ऑफिस से कैथल की बाल कल्याण समिति के पास ये मामला पहुंचा। बाल कल्याण समिति ने पीड़िता की कॉउंसलिंग की और मामले पर कार्रवाई के लिए महिला थाना की एसएचओ डॉ. नन्ही देवी की मदद से लड़की का मेडिकल करवाया गया। मेडिकल रिपोर्ट में रेप का खुलासा हुआ। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।

