भिवानी में ऑटो चालक की गोली मारकर हत्या

भिवानी : भिवानी-महम मार्ग पर गांव गुजरानी के निकट स्थित गुजरानी पुलिस चौकी के निकट एक ऑटो चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।…

भिवानी : भिवानी-महम मार्ग पर गांव गुजरानी के निकट स्थित गुजरानी पुलिस चौकी के निकट एक ऑटो चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चालक का शव ऑटो में ही पड़ा मिला। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की जेब से आधार कार्ड बरामद हुआ जिसमें उसका नाम करतार लिखा हुआ है।

बताया जा रहा है कि गोली मारने वाले ने गोली पिछली सीट पर बैठकर मारी है। गोली पीठ में लगकर सीने को छेदती हुई बाहर निकल गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल की टीम ने मौके से वारदात के सबूत एकत्रित किए है। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

घटना की सूचना पर मृतक करतार का भाई सतबीर मौके पर पहुंचा। उनका कहना था कि किसी ने फोन पर उन्हें घटना की जानकारी दी। उसने बताया कि करतार काफी सालों से भिवानी में अकेला ही रहता था। मूल रुप से वे गांव दिनोद के निवासी हैं और करतार कल ही गांव आया था। उन्होंने यह भी बताया कि करतार की किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले को सुलझाने का प्रयास कर रही है। वही ऑटो यूनियन ने भी मामले पर निंदा व्यक्त करते हुए कहा कि सरेआम पुलिस की नाक के नीचे हत्या हुई है और पुलिस को मामले की जानकारी नहीं हुई। उन्होंने मांग की है कि जल्द ही पुलिस मामले का पटाक्षेप करे और आरेापी को गिरफ्तार करे नहीं तो वे आंदोलन का रुख करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *