चंडीगढ़ (पंजाब) : पंजाब के युवा खिलाड़ियों को सरकारी जॉब दिया जाएगा और इसके लिए खेल नीति में आवश्यक बदलाव भी किए जाएंगे। रविवार को सूबे के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि हरमनप्रीत जैसी खिलाड़ियों को बढ़ावा देने की जरूरत है। साथ ही इसकी जानकारी दी कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी जॉब देने के साथ ही सरकारी स्तर पर मदद की जाएगी। अगर हरमनप्रीत सरकारी जॉब चाहती हैं तो उन्हें नौकरी दी जाएगी। जिससे पिछली सरकार ने इंकार किया था। सीएम ने साफ किया कि उनकी सरकार राज्य में खेलों को बढ़ावा देने की कोशिश कर रही है।
हरमनप्रीत को पांच लाख का इनाम
महिला वर्ल्ड कप क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम की खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर को पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पांच लाख रूपये देने की घोषणा की है। सीएम ने हरमनप्रीत के पिता हरमंदर सिंह से बात करके खुशी जाहिर की और सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए शानदार पारी के बारे में बात भी की। सीएम ने कहा कि हरमनप्रीत ने अपने शानदार खेल से समूचे देश का नाम बढ़ाया है। साथ ही वो युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेंगी।
