दिल्ली : यहां के अलीपुर बाल संरक्षण गृह से एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। हुआ ये कि संरक्षण गृह से सात नाबालिग फरार हो गए। किसी तरह गार्ड ने खुद को छुड़ाया और पुलिस को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस नाबालिगों की तलाश में जुट गई है। पहले बच्चों ने गार्ड को चादर से बांध दिया, इसके बाद फरार हो गए। बताया जाता है कि मंगलवार की रात करीब आठ बजे गार्ड सतवीर सभी को खाना खिलाने पहुंचा था। खाना खिलाने के बाद तीन नाबालिग को हाथ धुलवाने बाथरूम ले गए, जहां सतवीर को बंधक बना लिया गया। बच्चों ने पहले गार्ड की जमकर पिटाई कर दी, फिर उसके मुंह में कपड़ा ठूस दिया। इसके बाद गार्ड को चादर की रस्सी से हाथ-पैर बांध दिए और पेड़ से सहारे दीवार कूदकर भाग गए। हालांकि पहले तो कैमरे के सामने सतवीर किसी तरह की बयान देने से हिचकिचा रहा था। लेकिन जब कैमरे को छिपा दिया गया तो उसने सारी घटना की जानकारी दे दी। फरार नाबालिगों को मौर्या एन्क्लेव, तिलक नगर, ख्याला, मॉडल टाऊन और नई दिल्ली रेलवे पुलिस ने हिरासत में लिया था। फरार नाबालिगों की उम्र 16 साल से ज्यादा और 18 साल से कम है। सभी पर चोरी, लूटपाट जैसे आपराधिक वारदात दर्ज थे। अब इनके भागने से पुलिस के होश उड़ गए हैं। इस वारदात के बाद बाल संरक्षण गृह की सुरक्षा पर सवालिया निशान लग गया है। गंभीर आरोपों में नामजद नाबालिगों को संरक्षण गृह भेजा जाता है लेकिन वो फरार हो जाते हैं। आखिर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था के बावजूद सात नाबालिग किस तरह भागने में सफल हो गए। यह संरक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था में चूक का सबसे बड़ा उदाहरण है।
