हरियाणा : हरियाणा की मनोहर सरकार एक बार फिर जश्न की तैयारी में है। इस बार जश्न का मजा दोगुना होगा क्योंकि सरकार 26 अक्टूबर को तीन साल पूरा कर रही है। वही हरियाणा का स्वर्ण जयंती वर्ष भी 31 अक्टूबर को पूरा होने जा रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में सोमवार को चंडीगढ़ में हरियाणा स्वर्ण जयंती समारोह प्राधिकरण की गवर्निंग बॉडी की दूसरी बैठक में इसका निर्णय लिया गया। इस बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सरकार का तीन साल 26 अक्तूबर, 2017 को पूरा होने जा रहा है और राज्य का स्वर्ण जयंती वर्ष भी 31 अक्तूबर, 2017 को ही पूरा हो रही है। राज्य सरकार ने स्वर्ण जयंती वर्ष के पूरा होने के उपलक्ष्य में अक्टूबर के अंतिम महीने के दौरान एक बड़ी रैली आयोजित करने की योजना बनाई, जिसमें राज्य सरकार के तीन साल की मुख्य उपलिब्धयों पर प्रकाश डाला जाएगा।’
उन्होंने कहा कि हरियाणा की कला और संस्कृति को राष्ट्रीय और अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति दिलवाने के मद्देनजर जल्द ही प्रदेश सरकार अपनी नई फिल्म पॉलिसी की घोषणा करेगी, जिसका प्रारूप तैयार कर लिया गया है। सीएम ने निर्देश दिया है कि स्वर्ण जयंती वर्ष के दौरान आयोजित किए जाने वाले सभी कार्यक्रमों में एक फोटो प्रदर्शनी भी होगी। इसमें देश की स्वतंत्रता में अपना अहम योगदान देने वाले महापुरूषों के लगभग 100 फोटोग्राफ प्रदर्शित किए जाएंगे। इसका मूल उद्देश्य वर्त्तमान पीढ़ी को प्रेरणा देना है। बैठक में बताया गया कि राज्य के सभी स्कूलों और कालेजों में हरियाणा स्वर्ण जयंती प्रश्रोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया है ताकि युवाओं में इतिहास, संस्कृति, साहित्य, जानेमाने व्यक्यिों और प्रदेश के अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी मिल सके। बैठक के दौरान बीएसएफ ने आग्रह किया है कि हरियाणा स्वर्ण जयंती वर्ष के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में उनकी महिला मोटरसाइकिल कमांडो टीम, महिला ड्रिल टीम और महिला कमांडो टीम को भी अपने कार्यक्रम दिखाने के लिए स्वीकृति दी जाए।
