पटियाला: लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के 28वें एडीशन के कवर पेज पर पटियाला, दिल्ली, जयपुर के लोगों को शामिल किया गया है। जिन्होंने अपनी उपलब्धि से देश का नाम रोशन किया है। इनमें से एक हैं पीयू, पटियाला के डांस डिपार्टमेंट की स्टूडेंट्स श्रुति गुप्ता।
हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति के बारालाचा पास में माइनस टेंपरेचर और फ्रीजिंग कंडीशन में भी कथक पेश करने पर श्रुति का चयन लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्डस के लिए किया गया। जहां सांस लेना भी मुश्किल हो और तापमान शून्य से 24 डिग्री नीचे हो। वहां नंगे पैर कत्थक नृत्य करना कितना मुश्किल होगा, लेकिन श्रुति गुप्ता ने इन मुश्किल हालात में भी विश्व रिकॉर्ड कायम कर दिया।
कवर पेज पर कुल तीन लोगों की फोटो और उनकी उपलब्धि प्रकाशित हुई है, इनमें से श्रुति गुप्ता भी एक हैं। आपको बता दें कि श्रुति साल 2016 में भी ये उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं । डांस की उपलब्धियों और बेटी बचाने का संदेश देने के लिए श्रुति को प्रधानमंत्री मोदी ने सम्मानित भी किया है ।



