Mewat : राजकीय शहीद राजा हसन खान मेडिकल कॉलेज नल्हड़ में MBBS की पढ़ाई कर रहे थर्ड ईयर के छात्र राहुल चौधरी की संदिग्ध हालत में मौत का मामला सामने आया है। छात्र का शव उसके कमरे के बाथरूम से मिला है। वहीं इस घटना ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन की नींद उड़ा दी है।
दरअसल, राहुल शुक्रवार को गुम हो गया था। उसके गुम होने के बाद रातभर छात्र और कॉलेज कर्मचारी उसे खोजते रहे। परिवार के लोगों को भी कॉल करके राहुल के गुम होने की सूचना दी गई। वहीं दोस्त और परिजन राहुल को कॉल करते रहे लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया।
आखिरकार कुछ छात्रों ने बाथरूम से फोन की आवाज सुनी, लेकिन दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई जवाब नहीं आया। कुछ छात्रों ने खिड़की से झांककर देखा तो राहुल फर्श पर पड़ा था। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। चिकित्सकों ने राहुल को बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों के हवाले कर दिया। घटना पर कॉलेज के निदेशक डॉ. संसार चंद शर्मा ने कहा कि यह घटना काफी दुखद है। राहुत के मौत की मेडिकल बोर्ड जांच कर रही है। हालांकि इस घटना से कॉलेज प्रशासन के रवैये पर सवालिया निशान लग गया है।



