करनाल, 13 अगस्त
करनाल में बसताड़ा के पास GT रोड पर बुधवार रात करीब 9:30 बजे 30 लाख रुपए की लूट का मामला सामने आया है। पीड़ित अपनी फ्रोंक्स कार से बसताड़ा अड्डे पर पुल के नीचे रुके थे। इसी दौरान बिना नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो में 5-6 युवक पहुंचे और पिस्टल दिखाकर उनसे रुपए मांगे।
विरोध करने पर मारपीट कर कार में रखा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में करीब 30 लाख रुपए होने की बात बताई गई है। गांव माजरा रोडान निवासी नरेंद्र पुत्र पालाराम ने बताया कि वह अपने तीन साथियों के साथ किसी काम से दिल्ली से करनाल की ओर आ रहे थे। उनके पास 30 लाख रुपए थे, जिन्हें रजिस्ट्री के लिए भुगतान करना था। बसताड़ा के पास जिस व्यक्ति को पेमेंट देनी थी, उसके आने का इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान काले रंग की बिना नंबर की स्कॉर्पियो कार उनकी गाड़ी के आगे आकर रुकी।नरेंद्र के अनुसार स्कॉर्पियो से 4-5 युवक उतरे और सीधे उनकी फ्रोंक्स कार की डिग्गी के पास पहुंच गए। उन्होंने डिग्गी खोलने को कहा। नरेंद्र ने विरोध किया तो आरोपियों ने पिस्टल की नोक पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पिस्टल के बट से आंख के ऊपर वार किया गया और डंडों से भी पीटा गया।
इसके बाद आरोपी कार में रखा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। नरेंद्र के साथ तीन अन्य लोग कार में मौजूद थे, लेकिन वे गाड़ी से बाहर नहीं निकले।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से एक जिंदा राउंड और एक मैग्जीन मिली है।
हालांकि वारदात में इस्तेमाल पिस्टल अभी बरामद नहीं हुई है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि स्कॉर्पियो और उसमें सवार युवकों की पहचान हो सके।थाना प्रभारी लखविंद्र सिंह ने बताया कि नरेंद्र कुमार के साथ 30 लाख रुपए की लूटपाट का मामला सामने आया है। उन्होंने बताया कि मौके से पिस्टल नहीं मिली, लेकिन मैग्जीन बरामद हुई है।
अन्य खबरें जानें –


