Sonipat में दीवाली की रात युवक की हत्या, नुकीली चीज से सिर-पैर पर किया वार, 4 मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

सोनीपत, 10 नवंबर सोनीपत के गांव ताजपुर में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक के सिर और पैर पर किसी…

सोनीपत

सोनीपत, 10 नवंबर

सोनीपत के गांव ताजपुर में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक के सिर और पैर पर किसी नुकीली चीज से वार कर उसकी हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मुकेश पुत्र बलबीर के रूप में हुई है। उसका शव गांव में टेंट हाउस के पास मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

गांव में हत्या से दहशत

शव की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया।ग्रामीणों के अनुसार मुकेश ड्राइवरी का काम करता था और ज्यादातर समय अपनी गाड़ी लेकर बाहर रहता था। वह करीब 20 से 25 दिन बाद ही गांव लौटता था। इस बार वह दिवाली मनाने के लिए घर आया हुआ था। ग्रामीणों का कहना है कि मुकेश की किसी के साथ कोई रंजिश या विवाद भी नहीं था। ऐसे में उसकी हत्या के पीछे क्या वजह रही और वारदात को किसने अंजाम दिया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

परिवार में मचा कोहराम

मृतक की पत्नी ने बताया कि मुकेश गांव में किराये पर रहते थे। वारदात वाली रात वह गांव में जाने की बात कहकर घर से निकले थे। पत्नी ने उन्हें बाहर जाने से मना भी किया था, लेकिन वह नहीं माने। कुछ समय बाद गांव के लोगों से उन्हें सूचना मिली कि उनके पति की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

सिर पर चोट मारकर की हत्या

परिजनों के मुताबिक मुकेश परिवार में इकलौते कमाने वाले थे। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं, जो अभी छोटे हैं। मुकेश की मौत के बाद चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है और परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।पुलिस के अनुसार मुकेश की सिर में चोट मारकर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और गांव के ही दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

अन्य खबरें जानें –

Ambala में फैक्ट्री में लगी भीषण आग, धुएं से घिरा इलाका, 1 घंटे बाद पाया काबू

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *