FARIDABAD में युवक की पीट-पीटकर हत्या ,शराब के ठेके के पास घायल अवस्था में मिला युवक, अस्पताल में डाक्टरों ने किया मृत घोषित

फरीदाबाद  6 जुलाई फरीदाबाद के सेक्टर-4 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शराब के ठेके के पास रविवार रात एक 38 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप…

फरीदाबाद
फरीदाबाद  6 जुलाई

फरीदाबाद के सेक्टर-4 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शराब के ठेके के पास रविवार रात एक 38 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। घायल अवस्था में युवक को उसके परिजन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान पटेल नगर झुग्गियों में रहने वाले प्रशांत के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि प्रशांत की चार से पांच लोगों ने मिलकर पीट-पीटकर हत्या की है।

जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 9 बजे सेक्टर-4 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शराब के ठेके के पास प्रशांत गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। घायल अवस्था में युवक को उसके परिजन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक के भाई विकास ने बताया कि प्रशांत का चावला कॉलोनी में माहेश्वरी कम्युनिकेशन नाम से दुकान चलाने वाले शिवम के साथ पैसों का लेनदेन था। प्रशांत काफी समय से अपने पैसे वापस मांग रहा था, लेकिन हर बार उसे टाल दिया जाता था।

विकास का आरोप है कि रविवार शाम प्रशांत अपने पैसे मांगने के लिए शिवम की दुकान पर गया था। वहां से शिवम उसे अपने साथ सेक्टर-4 स्थित शराब के ठेके के पास ले गया। आरोप है कि दोनों ने वहां शराब पी और इसके बाद जब प्रशांत ने अपने पैसे मांगे तो विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान चार से पांच लोगों ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि प्रशांत के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे उन्हें पूरा शक है कि उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई है। उन्होंने इस मामले में शिवम, प्रीतम और बालाजी समेत अन्य लोगों के नाम लिए हैं और सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। विकास ने बताया कि प्रशांत एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। पैसों के विवाद को लेकर वह काफी समय से परेशान था। इस बात को लेकर घर में भी तनाव रहता था। उसकी पत्नी भी उसे बार-बार अपने पैसे वापस लेने के लिए कहती थी। कुछ दिन पहले इसी तनाव के चलते उसकी पत्नी अपने गांव चली गई थी। प्रशांत के तीन छोटे बच्चे है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।पुलिस पीआरओ यशपाल ने बताया कि परिजनों की शिकायत प्राप्त हो चुकी है। परिवार ने मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में उचित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

अन्य खबरें जाने –

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *